Top Stories
विमान के केबिन का शोर कम करने पर शोध शुरू करेंगे : अभय करंदीकर | 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : केशव मौर्य | केन्द्रीय मंत्री ने किया आयुर्वेद काॅस्मेटोलाॅजी इकाई का शुभारम्भ | बल्लभगढ़ में 26 नवंबर को आयोजित होगा रोजगार मेला। | अमेरिकी कंपनी के निवेश से बदलेगी मेरठ की औद्योगिक तस्वीर, वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में बनेगी नई पहचान | बैकुंठ चतुर्दशी मेले में लोकसंस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का संगम, भव्य झांकियों ने मोहा मन | संत रविदास के समरसता संदेश को धरातल पर उतार रही धामी सरकार : मुख्यमंत्री | गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रक्तदान शिविर, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा | जब शाहरुख खान ने भुवन बाम को दी ‘चंपी’, एक्टर और यूट्यूबर ने खास वाकया किया याद | जैकी श्रॉफ ने दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को किया याद, कहा- ‘आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे’ |
अमेरिकी कंपनी के निवेश से बदलेगी मेरठ की औद्योगिक तस्वीर, वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में बनेगी नई पहचान

अमेरिकी कंपनी के निवेश से बदलेगी मेरठ की औद्योगिक तस्वीर, वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में बनेगी नई पहचान

2,913 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होगी बॉल कॉर्पोरेशन की फैक्टरी, गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 39.29 एकड़ में लगेंगी दो उत्पादन लाइनें

मेरठ। खेल उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाला मेरठ अब वैश्विक पैकेजिंग और आधुनिक विनिर्माण उद्योग के नक्शे पर भी अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन खरखौदा क्षेत्र के बिजौली गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में करीब 2,913 करोड़ रुपये के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन फैक्टरी स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया।

करीब 39.29 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली इस फैक्टरी में दो उत्पादन लाइनें लगाई जाएंगी। वर्ष 2029 से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। यह उत्तर प्रदेश में कंपनी का पहला और भारत में तीसरा विनिर्माण संयंत्र होगा। इससे पहले कंपनी महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में अपनी इकाइयां स्थापित कर चुकी है।

मेरठ में आयोजित शिलान्यास समारोह में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अमेरिकी कंपनी का मेरठ में निवेश करना प्रदेश के बदलते औद्योगिक माहौल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित हुई निवेश अनुकूल नीतियों का प्रमाण है। गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इससे मेरठ सहित आसपास के जिलों में भी आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, उद्योगों के अनुकूल नीतियों और मजबूत आधारभूत ढांचे के कारण वैश्विक कंपनियों का उत्तर प्रदेश पर भरोसा बढ़ा है। इस परियोजना से औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद अरुण गोविल ने कहा कि मेरठ की पहचान अब तक खेल उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही है, लेकिन बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनी के निवेश से आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में भी शहर की पहचान मजबूत होगी। इससे स्थानीय युवाओं और छोटे-बड़े उद्यमों को लाभ मिलेगा।

यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने बताया कि वर्ष 1880 में स्थापित बॉल कॉर्पोरेशन टिकाऊ एल्युमिनियम पैकेजिंग के क्षेत्र की अग्रणी वैश्विक कंपनी है। कंपनी के विश्वभर में 65 से अधिक विनिर्माण संयंत्र और सुविधाएं हैं तथा करीब 16 हजार लोग इससे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक, रोजगार सृजन और स्थानीय उद्यमिता के विस्तार का महत्वपूर्ण अवसर है।

फैक्टरी शुरू होने से परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग और स्थानीय आपूर्ति शृंखला से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कंपनी से स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं को जोड़ने के साथ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है। एल्युमिनियम को बार-बार रिसाइकिल किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, पुनर्चक्रित एल्युमिनियम के इस्तेमाल से नए एल्युमिनियम के उत्पादन की तुलना में करीब 95 प्रतिशत ऊर्जा की बचत संभव है।

कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्वनी त्यागी, धर्मेंद्र भारद्वाज, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान यूपीडा की ओर से कंपनी के अधिकारियों को भूमि कब्जा प्रमाणपत्र भी सौंपा गया।

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com