देहरादून। उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5,19,943 महिलाओं को जोड़कर 70,767 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है।
महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। इससे करीब 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। वहीं, नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत महिला समूहों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देकर कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
बेटियों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा के लिए नंदा गौरा योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के माध्यम से प्रसव के बाद महिलाओं को मातृ एवं शिशु देखभाल के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाकर उनकी सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी को मजबूत करना है।