देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
महिला सशक्तीकरण के तहत सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 70,767 समूहों से 5.19 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये पार कर चुकी है। पर्यटन के क्षेत्र में इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए हैं और 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। वहीं, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है तथा जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।