चंद्र प्रकाश बुडाकोटी ‘प्रकाश’
कोटद्वार। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन हो या रात, गुलदार कभी भी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। ताजा घटना कोटद्वार के कोटड़ीढांग क्षेत्र की है, जहां सोमवार को जंगल में घास लेने गई 42 वर्षीय महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42) पत्नी कमल किशोर सोमवार को जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद गुलदार के आतंक से निजात नहीं मिलने पर ग्रामीणों में रोष है।
पौड़ी क्षेत्र में भी गुलदार के हमलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पौड़ी से करीब छह किलोमीटर दूर खांद्यू सैण के पास पांच वर्षीय बालिका को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक को भी आक्रोशित ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदारों की बढ़ती सक्रियता के कारण महिलाओं का खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी लोग डर रहे हैं।
कोटद्वार में नवंबर माह के दौरान वार्ड नंबर तीन के स्नेह तल्ली इलाके में भी तेंदुए ने आठ वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में गुलदारों की मौजूदगी से शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के लोग भयभीत हैं।
पहाड़ों में गुलदारों के हमलों का सिलसिला नया नहीं है। पूर्व के वर्षों में पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के कोटा गांव में गुलदार ने दस वर्षीय बालक अभिषेक को मार डाला था। जानकारी के अनुसार, मेहरबान सिंह का बेटा अभिषेक अपनी मां सुनीता देवी के साथ घर की छत पर सो रहा था। छत पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। रात करीब 12:30 बजे गुलदार छत पर पहुंचा और बच्चे को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले गया। जब तक परिवार के लोगों को घटना का पता चला, तब तक गुलदार बच्चे को लेकर जा चुका था। ग्रामीणों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में बच्चे का अधखाया शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला था।
इसी तरह अल्मोड़ा तहसील क्षेत्र के गांवों में भी तेंदुए का आतंक लगातार बना हुआ है। पूर्व में पोखरी सुनाड़ी गांव में दिनदहाड़े तेंदुए ने 15 वर्षीय किशोर पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। परिजन उसे उपचार के लिए सोमेश्वर अस्पताल लेकर पहुंचे थे।