New Delhi Station: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर की गयी तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों से बात कर स्थिति का आकलन किया।
होल्डिंग एरिया के साथ एक प्रयोग
वैष्णव ने स्टेशन पर होल्डिंग एरिया का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से कहा, नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की अचानक भीड़ उमड़ पड़ती है। इसे देखते हुए दो साल पहले एक अस्थायी होल्डिंग एरिया के साथ एक प्रयोग किया गया था। उस प्रयोग से यहां आने वाले यात्रियों को बहुत लाभ हुआ। अब, एक स्थायी क्षेत्र और यात्री सुविधा केंद्र, बनाया गया है। इससे आने वाले यात्रियों, खासकर बिना आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को सुविधा होगी।
76 स्टेशनों पर इसी तरह की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि अंदर के सभी टिकट काउंटरों को स्थानांतरित किया जा रहा है… यात्रियों के आने पर उन्हें स्वागत योग्य वातावरण, बैठने के लिए एक बड़ा क्षेत्र और बड़ी संख्या में शौचालय मिलेंगे। यह नई दिल्ली स्टेशन के लिए एक स्थायी सुविधा है। देश भर के 76 स्टेशनों पर इसी तरह की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि यात्रियों को प्लेटफार्मों पर भीड़ न लगानी पड़े। इस व्यवस्था को एक नये स्तर पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
त्योहारों के दौरान भीड़ की समस्या
उन्होंने कहा, ‘‘छठ और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान अचानक भीड़ बढ़ जाती है। इस भीड़ के दौरान इस पूरी व्यवस्था का परीक्षण किया जायेगा और इससे हासिल अनुभवों के आधार पर भविष्य में अन्य स्टेशनों पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने के लिए किया जाएगा।
अकाउंट से अपमानजनक पोस्ट
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव की प्रोफ़ाइल को मेटा (फेसबुक) द्वारा निलंबित (अब निरस्त) करने के मुद्दे पर कहा, ‘‘यह कार्रवाई फेसबुक द्वारा की गई है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उनके अकाउंट से एक अपमानजनक पोस्ट किया गया था, जिसके कारण फेसबुक ने अपनी नीतियों के अनुसार यह निर्णय लिया है।