देहरादून, 26 नवंबर। विजय कॉलोनी क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए न्यू कैंट रोड पर 30 मीटर स्पान के दो लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य योजना के तहत 536.10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि विजय कॉलोनी से उनका विशेष जुड़ाव है और वर्ष 2027 की विजयगाथा का आगाज इसी वार्ड से होगा। उन्होंने बताया कि एमडीडीए के माध्यम से सड़कों के निर्माण पर 132 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत करीब 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी सड़क निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए हैं। क्षेत्र में सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को पुल निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठैत, संजय नौटियाल, बीएन द्विवेदी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।