देहरादून, 27 नवंबर।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयकों को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे महिलाओं को नीति निर्माण में अधिक भागीदारी देने वाला ऐतिहासिक और युगांतरकारी कदम बताया। साथ ही कहा कि इन संशोधनों से देश की आधी आबादी के राजनीतिक सशक्तीकरण का नया अध्याय शुरू होगा।
भट्ट ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिला सम्मान और सशक्तीकरण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इससे उत्तराखंड समेत देशभर की महिलाओं को विधायी कार्यों और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व का अधिक अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में महिला आरक्षण का मुद्दा देवभूमि के लिए भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रस्तावों को लेकर प्रदेश में उत्साह है। भट्ट ने चेतावनी दी कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दलों को जनता आगामी चुनावों में जवाब देगी।
परिसीमन संशोधन पर उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखते हुए सीटों की संख्या में समानुपातिक वृद्धि करना है। इससे छोटे और पहाड़ी राज्यों के हितों की रक्षा के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी।
भट्ट ने कहा कि दोनों संशोधन विधेयक विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाले हैं। इनके पारित होने से संसदीय व्यवस्था अधिक समावेशी बनेगी और महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ेगी।