पौड़ी। संविधान दिवस एवं महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने विद्यार्थियों को संविधान के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और लैंगिक भेदभाव समाप्त करने के लिए सामाजिक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबर 15100 भी बताया।
इस अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में खुशबू भट्ट प्रथम, शिवम नेगी द्वितीय और निशांत गोदियाल तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में सुरभि थपलियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत, विभागाध्यक्ष रामप्रकाश, पंकज कार्की, सोना धंगार सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।