Plane Emergency Landing: पटना से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक उड़ान की पक्षी के टकराने के कारण पटना हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। लैंडिंग के बाद उड़ान रद्द कर दी गई। इंडिगो यात्रियों के लिए दूसरी उड़ान की व्यवस्था कि गई है। जानकारी के अनुसार इस विमान में करीब 175 लोग सवार थे।
दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान बुधवार सुबह उड़ान भरने के बाद पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लौट आई क्योंकि पक्षी के टकराने के कारण उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उड़ान में सवार सभी 175 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
टुकड़ों में मृत पक्षी मिला
पटना हवाई अड्डे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पटना-दिल्ली उड़ान IGO5009 के भारतीय समयानुसार सुबह 8:42 बजे उड़ान भरने के बाद पक्षी के टकराने की सूचना मिली। इसके बाद जब निरीक्षण किया गया तो रनवे पर कुछ टुकड़ों में एक मृत पक्षी मिला।
इस घटना के बाद एप्रोच कंट्रोल यूनिट से एक संदेश प्राप्त हुआ कि एक इंजन में कंपन के कारण विमान को पटना लौटने का अनुरोध भी किया गया है। इस बीच, स्थानीय स्टैंडबाय घोषित कर दिया गया और विमान सुबह 9:03 बजे रनवे 7 पर सुरक्षित उतर गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।