Yamuna Water Level: दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। यमुना खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। यमुना में खतरे का निशान 205.33 मीटर है। शुक्रवार रात 8 बजे यमुना का जलस्तर 205.25 मीटर दर्ज किया गया।
एहतियाती कदम उठाने के आदेश
लगातार हो रही बारिश के चलते नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित एजेंसियों को संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।
रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर
अधिकारियों ने बताया कि शाम छह बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 205.20 मीटर था। बता दें कि दिल्ली के लिए चेतावनी का स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है और निकासी 206 मीटर पर शुरू होती है।
हथिनीकुंड बैराज से पानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अधिकारी ने कहा, यमुना नदी के वॉचर लेवल में बढ़ोतरी मुख्यतः हरियाणा और उत्तराखंड के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, वजीराबाद से हर घंटे लगभग 31,250 क्यूसेक पानी और हथिनीकुंड बैराज से लगभग 25,126 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।